जबलपुर। अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है। भर्ती में लगे सेना के अफसरों ने जिला प्रशासन से भी कुछ व्यवस्थाएं करने के लिए आग्रह किया है। इधर, जिला प्रशासन ने भी अपने अधीनस्थ अफसरों को इस भर्ती प्रक्रिया में सहयोग के निर्देश दिए हैं।
अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया का प्रथम चरण 15 से 25 सितंबर के बीच होना है। यह प्रक्रिया सदर स्थित आर्मी ग्राउंड में अपनाई जाएगी। जबलपुर में प्रदेश के 14 जिलों से आने वाले लगभग 70 हजार युवा भाग लेंगे।
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया को लेकर कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी की अध्यक्षता में एक बैठक भी आयोजित हो चुकी है। इस बैठक में सेना के अफसरों सहित नगर पालिक निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत यांत्रिकी, एमपीईबी, आरटीओ, जेसीटीएसएल, एनआईसी, ई गवर्नेंस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए। आर्मी की ओर से भर्ती प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाएं बनाने के लिए जिला प्रशासन से सहयोग मांगा गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि आर्मी ग्राउंड में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में शामिल होने आए भर्ती प्रक्रिया के डायरेक्टर कर्नल विकास शर्मा ने बताया कि जबलपुर में होने वाली भर्ती में करीब 70 हजार आवेदक शामिल होंगे।
इन जिलों से आएंगे आवेदक
मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया के आवेदक जबलपुर में होने वाली रैली में शामिल होंगे। इस दौरान अग्निवीर सैनिक (जनरल डयूटी), अग्निवीर (तकनीकी) अग्निवीर क्लर्क, स्टोर कीपर, तकनीकी ट्रेड्समैन की भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस चरण में पुरूषों का शरीरिक परीक्षण हो रहा है, जबकि अगले महीने महिला आवेदकों का टेस्ट होगा।
पहले फिजिकिल-मेडीकल फिर परीक्षा
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में फिजिकल और मेडीकल होगा। इसके बाद लिखित परीक्षा होगी। 15 से 25 सितंबर के बीच फिजिकल और मेडीकल परीक्षण होगा। फिजिकल टेस्ट में 1600 मीटर की दौड़, बीम (पुलअप), जिकजेक और लंबी कूद होगी। दौड़ और बीम में अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि शेष इवेंट क्वालीफाइंग हैं। लंबी कूद में नौ फुट का गड्ढा कूदकर पार करना पड़ेगा। क्लर्क और टेक्नीकल पदों के लिए फिजिकल टेस्ट केवल क्वालीफाइंग रहेंगे। इस चरण में उत्तीर्ण होने वाले युवाओं को लिखित परीक्षा देना होगी, जिसके लिए तारीखों का ऐलान बाद में होगा।